रांची। झारखंड पुलिस ने आगामी त्योहारों—ईद, सरहुल और रामनवमी के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। इस संबंध में डीजीपी अनुराग गुप्ता ने शनिवार को आदेश जारी किया। इस बैठक में जोनल आईजी, रेंज के डीआईजी, और जिले के एसएसपी तथा एसपी शामिल हुए थे। डीजीपी ने शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए सभी अधिकारियों को कई निर्देश भी दिये थे। साथ ही असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर निगरानी रखने और उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने को भी कहा था। डीजीपी ने जुलूस के मार्गों का भौतिक सत्यापन करने, धार्मिक स्थलों और जुलूस की ड्रोन से मॉनिटरिंग करने, जिन जिलों में पहले सांप्रदायिक घटनाएं हुई हैं, वहां विशेष सतर्कता बरतने, सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी अफवाह के फैलने पर तुरंत उसका सत्यापन करें, साथ ही आवश्यक कार्रवाई करने को कहा था। जारी आदेश के अनुसार, विशेष परिस्थितियों में ही संबंधित एसपी, कमांडेंट, डीआईजी और आईजी की अनुमति से अवकाश दिया जाएगा। झारखंड के सात जिले सांप्रदायिक दृष्टिकोण से अतिसंवेदशील हैं। इनमें रांची, पलामू, हजारीबाग, जमशेदपुर, गिरिडीह, बोकारो, पलामू जिला शामिल है। इन जिलों पर पुलिस की विशेष नजर है। इससे पूर्व गत बुधवार को झारखंड पुलिस मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डीजीपी ने ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया था।
