Homeझारखंडपलामू के 227 मतदान केन्द्रों के लिए पोलिंग पार्टी रवाना, 12 पोलिंग...

पलामू के 227 मतदान केन्द्रों के लिए पोलिंग पार्टी रवाना, 12 पोलिंग बूथ बदले गए

पलामू : जिले में 13 नवंबर को वोट डाले जायेंगे। इसके लिए जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में बनाये गए 1796 मतदान केन्द्रों के लिए पोलिंग पार्टी को सोमवार से रवाना किया जा रहा है। पहले दिन 227 मतदान केन्द्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। शेष मतदान केन्द्रों के लिए मंगलवार को रवाना होंगी। डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले गढ़वा जिले के भंडरिया इलाके के कुछ मतदान केन्द्रों पर मतदान कर्मियों को हेलीकॉप्टर से भेजा जायेगा। चियांकी हवाई अड्डा से हेलीकॉप्टर सभी को लेकर उड़ान भरेगा।

जीएलए कॉलेज परिसर से सभी मतदान कर्मियों को रवाना किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त शशि रंजन ने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया एवं मतदानकर्मियों को रवाना किया। उन्होंने बताया कि पलामू के पांच विधानसभा क्षेत्र डालटनगंज, पांकी, विश्रामपुर, छतरपुर और हुसैनाबाद में बनाये गए 1796 मतदान केन्द्रों के लिए सोमवार को 227 पोलिंग पार्टी को रवाान किया गया। सुरक्षा कारणों से 12 मतदान केन्द्रों को बदला गया है। पांकी और डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र में चार-चार, हुसैनाबाद में तीन एवं छतरपुर में एक मतदान केन्द्र रीलोकेट किया गया है।

डीइओ ने कहा कि जीएलए कॉलेज परिसर में स्ट्रांग रूम बनाया गया है, जहां से रवाना हो रही पोलिंग पार्टियां आज संबंधित क्षेत्र के क्लस्टर में ठहरेगी और मंगलवार देर शाम मतदान केन्द्र के लिए रवाना होगी। क्लस्टर में भी स्टांग रूम बनाये गए हैं और केन्द्रीय बल को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि 15 मतदान केन्द्र ऐसे हैं, जहां शाम चार बजे तक ही मतदान होगा, वहां की पोलिंग पार्टी उसी दिन वापस लौट आयेगी। दूरदराज के क्षेत्रों की पोलिंग पार्टी अगले दिन वापस आयेगी।

इन मतदान केन्द्रों को किया रीलोकेट

पांकी विधानसभा क्षेत्र में बिहरा राजकीय मध्य विद्यालय में बने मतदान केंद्र को सालमदीरी उत्क्रमित मध्य विद्यालय में रीलोकेट किया गया है। बघमरी जीरो उत्क्रमित मध्य विद्यालय के मतदान केंद्र को सालमदीरी उत्क्रमित मध्य विद्यालय, उत्क्रमित मध्य विद्यालय आबुन को उत्क्रमित मध्य विद्यालय जान्जो, उत्क्रमित मध्य विद्यालय केकरगढ़ में बने मतदान केंद्र को मध्य विद्यालय द्वारका में रीलोकेट किया गया है।

डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरता को राजकीय मध्य विद्यालय बिजका में रीलोकेट किया गया है। इसी विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय तुरेर में बने मतदान केंद्र को उत्क्रमित उच्च विद्यालय मदगड़ी (च), कुटकु उत्क्रमित मध्य विद्यालय में के मतदान केंद्र को उत्क्रमित उच्च विद्यालय मदगड़ी (च), उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय खटाई टोला, सनेया में बने मतदान केंद्र को उ.उच्च विद्यालय मदगड़ी च में रीलोकेट किया गया है।

छत्तरपुर विधानसभा क्षेत्र में उत्क्रमित मध्य विद्यालय रतनाग को प्राथमिक विद्यालय माड़ादाग में रीलोकेट किया गया है। हुसैनाबाद में उत्क्रमित मध्य विद्यालय माहुर में बने मतदान केंद्र को उत्तर कोयल परियोजना उच्च विद्यालय, मोहम्मदगंज, उत्तरी भाग, उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रतापपुर के स्थान पर अब उत्क्रमित उच्च विद्यालय महुदण्ड के उत्तरी भाग में मतदान होगा। उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोहबन्धा में बने मतदान केंद्र के स्थान पर अब उत्क्रमित मध्य विद्यालय महुदण्ड, दक्षिणी भाग में मतदान होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments