राजद की राज्य कार्यकारिणी बैठक संपन्न, 5 अप्रैल को तेजस्वी यादव के आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारी

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की राज्य कार्यकारिणी की बैठक पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य सरकार में मंत्री और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने की। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति तथा पार्टी की गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पार्टी के युवा नेता तेजस्वी यादव 5 अप्रैल को रांची पहुंचेंगे। उनके आगमन के अवसर पर पार्टी की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए राज्यभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सभी जिलाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने जिलों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। साथ ही उनके नेतृत्व में कार्यक्रम स्थल तक स्वागत द्वार बनाए जाएंगे, जिससे पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक और भव्य स्वरूप दिया जा सके।

पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाएं और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का संकल्प लें। नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी की ताकत बढ़ती है और जनसरोकार के मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सकता है।

बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कई अहम बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया तथा पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया। नेताओं ने विश्वास जताया कि 5 अप्रैल को तेजस्वी यादव के आगमन पर रांची में आयोजित होने वाला कार्यक्रम ऐतिहासिक और यादगार होगा।

इस अवसर पर मंत्री संजय सिंह यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, विधायक नरेश सिंह, सांसद प्रत्याशी सुभाष यादव तथा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन कुमार सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में राज्य के सभी जिलाध्यक्ष, प्रदेश के सचिव एवं महासचिव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *