हटिया से रांची जा रहे यात्री से लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

रांची। राजधानी रांची में यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का धुर्वा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त ई-रिक्शा, लूटा गया बैग, पांच हजार रुपये नकद और एक प्रिंटर बरामद किया गया है।

ई-रिक्शा में बैठाकर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार, बेंगलुरु से हटिया रेलवे स्टेशन पहुंचे एक यात्री ने रांची रेलवे स्टेशन जाने के लिए ई-रिक्शा बुक किया था। रास्ते में धुर्वा थाना क्षेत्र में चालक और उसके साथियों ने यात्री को अपने कब्जे में लेकर उससे लूटपाट की। घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और कुछ ही मिनटों में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार सिंह और मेजर यादव के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग भी वारदात में शामिल था, जिसे निरुद्ध किया गया है।

आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूट में इस्तेमाल ई-रिक्शा, यात्री का बैग, पांच हजार रुपये नकद और एक प्रिंटर बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *