Homeझारखंडझारखंड के राज्यपाल के रूप में संतोष गंगवार ने ली शपथ

झारखंड के राज्यपाल के रूप में संतोष गंगवार ने ली शपथ

रांची : झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल संतोष गंगवार ने बुधवार को पद की शपथ ली। झारखंड हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने राजभवन के बिरसा मंडप में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में संतोष गंगवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। गंगवार ने सीपी राधाकृष्णन की जगह ली। राधाकृष्णन को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है। शपथ ग्रहण के बाद संतोष गंगवार ने जोहार के साथ अपना संबोधन शुरू किया। राज्यपाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह राज्य प्रकृतिक और खनिज संपदा से परिपूर्ण है। हम उम्मीद करते हैं कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड काफी अच्छे ढंग से तरक्की करेगा। शपथ लेने से पहले संतोष गंगवार ने बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसके बाद ”गार्ड ऑफ ऑनर” देकर गंगवार को राजभवन ले जाया गया। शपथ ग्रहण से पहले मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण पढ़ा। इसके बाद झारखंड हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस ने संतोष गंगवार को राज्यपाल के रूप में शपथ दिलायी।

राज्यपाल के लंबे राजनीतिक अनुभव का लाभ मिलेगा : हेमंत साेरेन

शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई मंत्रियों ने संतोष गंगवार को फूलों का गुलदस्ता देकर शुभकामनाएं और बधाई दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पूरे झारखंड वासियों की ओर से नये राज्यपाल संतोष गंगवार का स्वागत करते हैं। राज्यपाल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इनका लंबा राजनीतिक अनुभव रहा है, जिसका लाभ झारखंड को मिलेगा, ऐसी उम्मीद करते हैं।

इस मौके पर विधानसभा स्पीकर रबींद्रनाथ महतो, मंत्री मिथलेश ठाकुर, दीपिका सिंह पांडेय, बन्ना गुप्ता, डॉ रामेश्वर उरांव, डॉ. इरफान अंसारी, हफीजुल्ल अंसारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक कल्पना सोरेन, झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, आशा लकड़ा, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद, मुख्य सचिव एल ख्यांग्ते, राज्यपाल के प्रधान सचिव नितीन मदन कुलकर्णी समेत कई लोग मौजूद थे।

संतोष गंगवार का राजनीतिक सफर

75 वर्षीय संतोष गंगवार बरेली (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं। एक नवंबर, 1948 को जन्मे गंगवार बरेली से आठ बार सांसद रहे हैं। वे केंद्र में श्रम व रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहित वित्त राज्यमंत्री, कपड़ा राज्यमंत्री व पेट्रोलियम राज्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने संसदीय कार्य राज्यमंत्री के रूप में भी काम किया है। संतोष गंगवार बीएससी और एलएलबी की है। इमरजेंसी के दौरान जेल भी जा चुके हैं। वर्ष 1996 में उत्तर प्रदेश भाजपा के महासचिव भी रहे हैं। बरेली में उनकी ख्याति विकास पुरुष के रूप में है। वे बरेली में शहरी को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरपर्सन भी रह चुके हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments