चुनावी राज्यों में 400 करोड़ से अधिक की जब्ती, 95 प्रतिशत शिकायतों का 100 मिनट में निपटान

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने आगामी विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के मद्देनजर सख्त निगरानी के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध प्रलोभनों की जब्ती की है। आयोग ने बताया कि 26 फरवरी से 25 मार्च के बीच कुल 408.82 करोड़ रुपये की नकदी, शराब, ड्रग्स, कीमती धातुओं और अन्य मुफ्त वस्तुओं को जब्त किया गया है।

चुनाव आयोग ने 15 मार्च को असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों तथा 6 राज्यों में उपचुनावों का कार्यक्रम घोषित किया था। इसके साथ ही राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आयोग के अनुसार निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित करने के लिए 5,173 फ्लाइंग स्क्वॉड और 5,200 से अधिक स्टैटिक सर्विलांस टीमों को तैनात किया गया है, जो विभिन्न स्थानों पर निगरानी और चेकिंग कर रही हैं।

जब्त की गई सामग्री में 17.44 करोड़ रुपये नकद, 37.68 करोड़ रुपये की शराब (करीब 16.3 लाख लीटर), 167.38 करोड़ रुपये के ड्रग्स, 23 करोड़ रुपये की कीमती धातुएं और 163.30 करोड़ रुपये से अधिक के अन्य मुफ्त सामान शामिल हैं।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान नागरिकों को किसी तरह की असुविधा या उत्पीड़न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। शिकायतों के निवारण के लिए जिला स्तर पर ग्रिवेंस कमेटियां भी बनाई गई हैं।

इस बीच सी-विजिल ऐप के माध्यम से 15 से 25 मार्च के बीच कुल 70,944 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 70,831 का निपटान किया जा चुका है। इनमें से 95.8 प्रतिशत शिकायतों का समाधान 100 मिनट के भीतर किया गया। जनता और राजनीतिक दल 1950 हेल्पलाइन नंबर के जरिए भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *