सात निश्चय-3 से कृषि में प्रगति और प्रदेश में आएगी समृद्धि : ईं शैलेन्द्र

भागलपुर। बिहपुर बिस के भाजपा विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक ई.शैलेंद्र ने शनिवार को एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि सात निश्चय-3 के तीसरे निश्चय ‘कृषि में प्रगति-प्रदेश में समृद्धि आएगी। इसके तहत डेयरी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य के प्रत्येक गांव में दुग्ध उत्पादन समिति के गठन का निर्णय लिया गया है।

विधायक ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुनिश्चित किया है कि पशुपालकों को दूध का उचित मूल्य मिल सके। बताया गया कि राज्य के कुल 39,073 गांवों में से 25,593 गांवों में दुग्ध उत्पादन समितियों का गठन किया जा चुका है। राज्य सरकार ने शेष सभी गांवों में अगले दो वर्षों के अंदर दुग्ध उत्पादन समितियों के गठन का निर्देश पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग को दिया है। इससे पशुपालकों की आमदनी बढ़ेगी और राज्य में दूध की उपलब्धता में वृद्धि होगी।

सात निश्चय-2 के तहत राज्य के सभी प्रखंडों में सुधा दुग्ध बिक्री केंद्रों की स्थापना की जा चुकी है। अब सात निश्चय-3 के अंतर्गत राज्य की सभी पंचायतों में भी सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में राज्य की कुल 8053 पंचायतों में से 100 पंचायतों में सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र स्थापित हो चुके हैं। अब शेष सभी 7953 पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंत तक सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र खोलने का निर्देश दिया गया है।

विधायक ने कहा कि राज्य के पंचायतों में खुलने वाले नए सुधा दुग्ध बिक्री केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से लाभान्वित जीविका दीदियों को आवंटित करने का निर्देश दिया गया है। इससे राज्य के ग्रामीण इलाकों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। राज्य में डेयरी व्यवसाय बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में अपने गांव में ही लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और उनकी आमदनी बढ़ेगी।

नवगछिया जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रो.गौतम ने कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और राज्यवासियां के जीवन में समृद्धि आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *