पटना : नीतीश कुमार के जन्मदिन पर रविवार को उनके बेटे निशांत कुमार को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के भीतर निशांत के राजनीति में आने की मांग खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने संकेत दिए कि कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि निशांत जल्द सक्रिय राजनीति में कदम रखें।
रविवार को निशांत कुमार पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बजरंगबली की पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे 1, अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और पिता के पैर छूकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा मंदिर का प्रसाद खिलाया।
इधर, अखिल भारतीय अति पिछड़ा महासभा की ओर से समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी के आवास पर ‘बिहार गौरव दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद संजय झा ने कहा कि निशांत के राजनीतिक भविष्य पर अंतिम फैसला स्वयं नीतीश कुमार ही करेंगे।
जेडीयू की सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी कहा कि निशांत को अवसर दिया जाना चाहिए।
इस बीच बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों पर चुनाव की प्रक्रिया जारी है। विधानसभा के संख्याबल के आधार पर जेडीयू को दो सीटें मिलने की संभावना है। हालांकि पार्टी ने अभी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है, लेकिन चर्चा है कि निशांत कुमार को राज्यसभा भेजा जा सकता है। फिलहाल पार्टी नेता इस अटकल से इनकार कर रहे हैं।
