पूर्णिया । बिहार में पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र में आज दिनदहाड़े एक छात्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल छात्र की पहचान दिव्यांशु कुमार (17 वर्ष), पिता मनोज कुमार सिंह, निवासी भवानीपुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिव्यांशु कुमार सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बाघमारा में इंटरमीडिएट परीक्षा देकर अपने दो दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने अचानक हमला कर दिया और दिव्यांशु कुमार के बाएं जांघ में गोली मार दी। गोली लगते ही छात्र सड़क पर गिर पड़ा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तत्काल पूर्णिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दिव्यांशु की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है तथा अपराधियों की पहचान के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
