स्कूल के छत पर मिली शिक्षक की लाश, मची सनसनी। पढ़े पूरी रिपोर्ट…

मीरजापुर : उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिला अंतर्गत जिगना थाना क्षेत्र के नरोइयां बाजार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ स्थित एक पब्लिक स्कूल की तीसरी मंजिल पर संदिग्ध परिस्थितियों में एक शिक्षक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

रात को लापता हुए, सुबह पत्नी ने देखा शव
मूल रूप से लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार कला बाजार निवासी 32 वर्षीय निशांत प्रजापति पिछले छह वर्षों से इस स्कूल में पढ़ाने और कोचिंग का काम करते थे। वह अपनी पत्नी विनीता के साथ स्कूल के पास ही किराए के मकान में रहते थे। उनकी पत्नी भी इसी स्कूल में शिक्षिका हैं। विनीता के मुताबिक, निशांत मंगलवार शाम को कोचिंग पढ़ाने स्कूल गए थे, लेकिन रात को घर वापस नहीं लौटे। बुधवार सुबह जब पत्नी स्कूल पहुंचीं, तो तीसरी मंजिल पर टिन शेड के पाइप से रस्सी के सहारे उनका शव लटका हुआ था।

फर्श पर मुड़े हुए थे पैर, फोरेंसिक जांच का इंतजार
घटनास्थल पर मृतक के पैर फर्श पर मुड़े हुए पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। पति का शव देखकर पत्नी की चीख निकल गई, जिसके बाद स्कूल और आस-पास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर जिगना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है।

थाना प्रभारी का बयान: थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *