थलापति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ लीक

साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ इंटरनेट पर लीक हो गई है, जिससे फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। फिल्म के ऑनलाइन सामने आने से निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद साउथ सिनेमा के कई बड़े सितारों ने नाराजगी जाहिर करते हुए पायरेसी के खिलाफ कड़े कदम उठाने की मांग की है।

सुपरस्टार रजनीकांत ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए इस घटना को स्तब्ध करने वाला बताया और सरकार से दोषियों की पहचान कर उन्हें सख्त सजा देने की अपील की। वहीं सूर्या ने इसे ‘दिल तोड़ने वाला और अन्यायपूर्ण’ करार देते हुए दर्शकों से फिल्म को ऑनलाइन न देखने और न ही शेयर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पूरी टीम की मेहनत के साथ अन्याय है और इस तरह के कृत्य अक्षम्य हैं।

दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने इस मामले को सिस्टम की विफलता बताते हुए कहा कि सेंसर सर्टिफिकेशन में देरी भी ऐसे अवैध कृत्यों को बढ़ावा देती है। उन्होंने जवाबदेही तय करने और नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की। वहीं चिरंजीवी ने भी इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे पूरी इंडस्ट्री प्रभावित होती है। गौरतलब है कि फिल्म को 9 जनवरी को रिलीज किया जाना था, लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट में देरी के चलते इसकी रिलीज टाल दी गई और नई तारीख का अभी ऐलान नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *