Homeखेल54 रन पर ढेर हुई पूरी टीम, 22 साल के गेंदबाज ने...

54 रन पर ढेर हुई पूरी टीम, 22 साल के गेंदबाज ने अकेले उड़ाए 8 विकेट; बांग्लादेश की बल्लेबाजी का निकला दम

डार्विन। बांग्लादेश की टीम टेस्ट सीरीज से पहले अभ्यास मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुरी तरह लड़खड़ा गई। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच की दूसरी पारी में बांग्लादेश की पूरी टीम महज 54 रन पर सिमट गई। इसके साथ ही उसे एक पारी और 38 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने बांग्लादेश की बल्लेबाजी की तैयारियों की पोल खोल दी।

कैंपबेल थॉम्पसन ने मचाई तबाही

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश की जीत के सबसे बड़े नायक 22 वर्षीय तेज गेंदबाज कैंपबेल थॉम्पसन रहे। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने महज 25 रन देकर 8 विकेट झटक लिए। शुक्रवार शाम दो विकेट लेने के बाद थॉम्पसन ने शनिवार सुबह कहर बरपाया और छह और बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। बांग्लादेश ने सुबह के सत्र में सिर्फ 35 रन जोड़े और अपने आठ विकेट गंवा दिए।

थॉम्पसन का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास रहा, क्योंकि उन्होंने अब तक अपने करियर में सिर्फ एक शेफील्ड शील्ड मैच और दो एकदिवसीय मुकाबले खेले हैं। बांग्लादेश की दूसरी पारी में तंजीद हसन 22 रन बनाकर दहाई का आंकड़ा छूने वाले इकलौते बल्लेबाज रहे। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी का सामना नहीं कर सका।

पहली पारी में भी ऑस्ट्रेलिया ने बनाई थी बढ़त

इससे पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश पर 92 रन की बढ़त हासिल की थी। टीग वाइली ने 177 गेंदों में 130 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज जेक डोरेन ने 76 रन बनाए। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 167 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। कप्तान कर्टिस पैटरसन ने भी 53 रन का योगदान दिया।

वाइली और डोरेन की साझेदारी ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद थॉम्पसन की घातक गेंदबाजी ने बांग्लादेश की दूसरी पारी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेश के लिए यह हार बड़ी चिंता का विषय है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण का आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments