नालंदा, बिहारशरीफ ।नालंदा जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार अहले सुबह एकंगरसराय–जहानाबाद मुख्य मार्ग पर कठार पुल के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में कार पर सवार तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे युवक की मौत पटना ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई।
मृतकों जहानाबाद जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत टेनी बीघा गांव निवासी सोनू कुमार (21), रोहित कुमार (22) और उद्देश्य कुमार (18) है। तीनों आपस में चचेरे भाई थे।घायल युवक सूरज को गंभीर अवस्था में पटना स्थित पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही टेनी बीघा गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक सोनू के बड़े भाई सुनील कुमार ने बताया कि सभी युवक मसौढ़ी में एक मित्र की बहन के तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। मंगलवार की सुबह कठार पुल के पास सामने से आ रही एक गाड़ी ने अचानक चकमा दे दिया। इससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने से आ रही गाड़ी के कारण कार अनियंत्रित हुई। दो युवकों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ स्थित मॉडल (सदर) अस्पताल भेज दिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
