गाजा सिटी/रामल्लाह। गाजा पट्टी और वेस्ट बैंक में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। गाजा पट्टी में इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) के ताजा हमलों में तीन फिलिस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। वहीं वेस्ट बैंक के कई गांवों में इजराइली समूहों के धावा बोलने की खबरों के बाद हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए हैं।
फिलिस्तीनी सूत्रों के अनुसार, गाजा पट्टी में रातभर मिसाइल और ड्रोन हमले हुए। दक्षिणी गाजा में हुए हमलों में तीन लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हो गए। गाजा सिटी और खान यूनिस में भी नागरिकों के घायल होने की सूचना है।
रिहायशी इमारतों और टेंट को बनाया गया निशाना
अधिकारियों के अनुसार, मध्य गाजा के अल-बुरेज इलाके में एक रिहायशी अपार्टमेंट पर हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई। पश्चिमी खान यूनिस में एक टेंट पर हुई बमबारी में 20 वर्षीय युवक और आठ वर्षीय बच्चे की जान चली गई। इसके अलावा गाजा शहर के पश्चिमी हिस्से और अलशाती शरणार्थी शिविर के आसपास भी हमले किए गए, जिनमें कई इमारतों को नुकसान पहुंचा।
स्थानीय अधिकारियों का दावा है कि हाल के महीनों में इजराइली हमलों में बड़ी संख्या में फिलिस्तीनी नागरिक मारे गए हैं और गाजा पट्टी का अधिकांश बुनियादी ढांचा क्षतिग्रस्त हो चुका है। मानवीय संगठनों के अनुसार लाखों लोग विस्थापित हुए हैं।
वेस्ट बैंक में गांवों पर धावा और झड़पें
वेस्ट बैंक में भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। फिलिस्तीनी रेड क्रिसेंट ने आरोप लगाया है कि इजराइली सेना की मौजूदगी में कुछ इजराइली समूहों ने गांवों में प्रवेश किया और विरोध कर रहे लोगों पर आंसू गैस के गोले दागे गए।
नाब्लस के पश्चिमी बाहरी इलाके और आसपास के गांवों में झड़पों की सूचना है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कई बच्चों सहित अनेक लोग आंसू गैस की चपेट में आए हैं। कुछ स्थानों पर जैतून के पेड़ों और कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
गौरतलब है कि गाजा पट्टी और वेस्ट बैंक दोनों फिलिस्तीनी क्षेत्र हैं, लेकिन दोनों की राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था अलग-अलग है। गाजा पट्टी पर लंबे समय से हमास का नियंत्रण रहा है, जबकि वेस्ट बैंक के अधिकांश हिस्सों का प्रशासन फिलिस्तीनी प्राधिकरण के अधीन है।


