केंद्रीय बजट सकारात्मक और भविष्योन्मुखी: नीतीश कुमार

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय बजट-2026 पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे सकारात्मक, स्वागत योग्य और विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रगतिशील और भविष्योन्मुखी है, जिसके माध्यम से देश के विकास की रफ्तार तेज करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बजट में सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा की गई है। इनमें वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से बिहार को विशेष लाभ मिलेगा। इसके साथ ही देशभर में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग विकसित करने की घोषणा भी की गई है। इसके तहत पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे बिहार के शहरों को लाभ होगा और राज्य के उत्पादों के निर्यात व व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

नीतीश कुमार ने कहा कि बजट में बड़े टेक्सटाइल पार्क, महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना और सेमीकंडक्टर सेक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के समर्थन की घोषणा की गई है। इससे बिहार सहित पूरे देश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में पूर्वोदय राज्यों और उत्तर-पूर्व क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने की घोषणा की गई है, जिससे बिहार को औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में लाभ मिलेगा। साथ ही, शहरों के विकास के लिए किए गए प्रावधानों से राज्य में शहरीकरण को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बजट में देश के सभी जिलों में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “एक बेहतर और दूरदर्शी बजट पेश करने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देता हूं।”-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *