खूंटी: सर्वो घाटी में अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक, यूपी के खलासी की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में रनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सर्वो घाटी में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जमशेदपुर से नागपुर जा रहा एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें दबकर खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना बुधवार रात करीब 1:00 बजे हुई। क्षेत्र में हो रही हल्की बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी, जिससे चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा। हादसे में 24 वर्षीय विकास कुमार (खलासी) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चालक अमर सिंह और सचिन सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये सभी उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले हैं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को रेफरल अस्पताल तोरपा में भर्ती कराया गया। चालक अमर सिंह की स्थिति नाजुक बनी हुई है। रनिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्वो घाटी में रात के समय और विशेषकर बारिश के दौरान वाहन चलाना जोखिम भरा हो जाता है। पुलिस ने ट्रक को रास्ते से हटाने और यातायात सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *