पटना : राज्यसभा चुनाव के लिए आज सोमवार सुबह 9 बजे से वोटिंग होगी। सभी 243 विधायक शाम 4 बजे तक वोट डाल पाएंगे। इसके बाद शाम 5 बजे से गिनती होगी। आज ही नतीजे आ जाएंगे।
राज्यसभा की 5 सीटें खाली हुई हैं। मैदान में 6 कैंडिडेट हैं। इसके चलते वोटिंग की नौबत आई है। एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के वोट की जरूरत है। NDA के पास 202 विधायक हैं।
इसके 4 प्रत्याशी की जीत तय है। वहीं, 5वें प्रत्याशी के लिए 3 वोट कम पड़ रहे हैं। 5वीं सीट के लिए NDA और महागठबंधन के बीच मुकाबला है।
इधर, रविवार को प्रदेश की राजनीति गरमाई रही। NDA में बैठकों का दौर चला। महागठबंधन की होटल पनाश में बैठक हुई। महागठबंधन -AIMIM और बसपा के विधायक रात में होटल में ही रुके है । NDA और महागठबंधन के सभी दलों ने अपने विधायकों को दो दिन पहले ही पटना बुला लिया है। रविवार को NDA में कई राउंड की बैठक हुई। शनिवार देर शाम मंत्री विजय चौधरी के आवास पर विधायकों की बैठक हुई। यहां विधायकों को वोटिंग की प्रक्रिया के साथ एकजुट रहने का भी संदेश दिया।
वहीं, AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान के घर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इसमें तेजस्वी समेत अन्य नेता भी शामिल हुए। इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा, AIMIM से हमने समर्थन मांगा है।
हमें उम्मीद है कि समाजवादी लोगों का साथ वो लोग देंगे। वहीं, AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने महागठबंधन के कैंडिडेट एडी सिंह को समर्थन देने की बात कही।
महागठबंधन-AIMIM और बसपा के विधायकों को एकजुट रखने के लिए रात में होटल पनाश में ठहराया गया है। सुबह यहीं से सभी वोटिंग के लिए जाएंगे। इधर, राज्यसभा चुनाव की वोटिंग से कुछ घंटे पहले रिटर्निंग ऑफिसर के ट्रांसफर का आदेश जारी हुआ है। ख्याति सिंह बिहार विधानसभा की सचिव हैं, चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर भी हैं। उनके ट्रांसफर का आदेश निकला है। उन्हें पटना उच्च न्यायालय में OSD के पद पर ट्रांसफर किया गया है। NDA की तरफ से बिहार के सीएम नीतीश कुमार, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और बीजेपी के प्रदेश महामंत्री शिवेश राम को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसमें चार कैंडिडेट नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा की जीत तय है। जबकि शिवेश राम और एडी सिंह के बीच पांचवीं सीट के लिए मुकाबला होना है
