बारात में नाच के दौरान चली गोली, युवक की मंच पर ही हत्या

डेहरी आन सोन। बिहार में रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के ढोढनडीह गांव में शादी समारोह के दौरान एक बारात में चल रहे नाच के बीच एक युवक की आज अहले सुबह पांच बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान इसी गांव के 24 वर्षीय वीर बहादुर सिंह के रूप में की है।

ढोढनडीह गांव निवासी मिथिलेश सिंह की पुत्री की शादी थी। शुक्रवार की शाम बिहिया (भोजपुर) के यादवपुर से बारात आई थी। विवाह समारोह के तहत नाच का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान वीर बहादुर सिंह मंच पर नाचने वाली के साथ नाचने पहुंचा और उसे पैसे भी दे रहे थे, तभी उनका एक करीबी मित्र भी मंच पर चढ़ गया, जिसे वीर बहादुर ने मना किया। बताया जाता है कि इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और अचानक रिवॉल्वर निकालकर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वीर बहादुर सिंह मंच पर ही गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मंच के आसपास बिखरे नोट और मृतक का मोबाइल पुलिस को मिला है।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही सूर्यपुरा थाना, नटवार थाना, भानस ओपी और दावथ थाना की पुलिस के साथ इंस्पेक्टर शेर सिंह यादव व डीएसपी सिंधु शेखर सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम ले जा रही है।

घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। गोली चलाने वाला मृतक का करीबी मित्र बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है l साक्ष्य संकलन का कार्य व आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *