रांची। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को नगड़ी स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निर्धारित मासिक बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव और भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुपालन की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और पूरे परिसर की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा और संचालन से जुड़े सभी प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
निर्वाचन आयोग को समय पर भेजें रिपोर्ट
उपायुक्त ने उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक माह वेयर हाउस की सुरक्षा, रख-रखाव और तकनीकी व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन समय पर आयोग को भेजा जाए।
उन्होंने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, अंचल अधिकारी नगड़ी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नगड़ी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।


