MGCU के 33 विद्यार्थियों ने गेट 2026 परीक्षा में मारी बाजी

एक ही विभाग से राज्य में सर्वाधिक सफलता, कुलपति ने दी बधाई

    मोतिहारी।

    महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू) के कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने गेट 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का एक और उदाहरण प्रस्तुत किया है। विभाग के बीटेक (कंप्यूटर साइंस) के तृतीय एवं अंतिम वर्ष के कुल 51 विद्यार्थियों में से रिकॉर्ड 33 विद्यार्थियों ने गेट 2026 परीक्षा उत्तीर्ण की है, जो बिहार राज्य में एक ही विभाग से सर्वाधिक सफलता मानी जा रही है।
    इस उपलब्धि में तृतीय वर्ष के छात्र रणजीत चौधरी ने अखिल भारतीय 63 वां रैंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। वहीं अंतिम वर्ष के छात्रों में रोहित राज ने 130 वीं, दिव्यांशु वत्स ने 296 वीं तथा अक्षांश तिवारी ने 493 वीं रैंक हासिल की है।
    वर्ष 2017 में स्थापित कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने अपने प्रथम बैच से ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की परंपरा को बनाए रखा है। पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी विभाग ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग परीक्षा गेट में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।
    विभागाध्यक्ष प्रो. विकास पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग में वर्तमान में केवल कंप्यूटर विज्ञान शाखा संचालित है, और एक ही विभाग से इतने अधिक विद्यार्थियों का गेट में सफल होना पूरे बिहार में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।

    • सफल विद्यार्थियों की सूची
      अंतिम वर्ष की

    रोहित राज, दिव्यांशु वत्स, अक्षांश कुमार तिवारी, राज कुमार, प्रिंस कुमार विश्वकर्मा, आदर्श चंद, रितीक राज तिवारी, आर्या कुमारी, अंकित, राजीव कुमार, मुस्कान, आर्यन राज, जयंतीका, पवन कुमार विश्वकर्मा एवं विशाल आर्यन।

    तृतीय वर्ष: में रणजीत चौधरी, ऋषभ शुक्ला, पंकज कुमार सिंह, श्रुति गुप्ता, सृष्टि गुप्ता, स्वतंत्र साहू, संदीप प्रजापति, ज्ञान प्रकाश यादव, आलोक जायसवाल, मोनू कुमावत, पबित्र मंडल, अजैन राज पाराशर, प्रतीक पांडेय, रिया कुमारी, आलोक मेहता, कार्तिक साहू, प्रताप यादव एवं आदिल लतीफ़ शामिल हैं।

    बता दें कि इस वर्ष गेट परीक्षा का आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गुवाहाटी द्वारा किया गया था। इस परीक्षा में देशभर से लाखों अभ्यर्थी सम्मिलित होते हैं और इसके माध्यम से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों सहित देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में एमटेक में प्रवेश तथा विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में नियुक्ति के अवसर प्राप्त होते हैं।
    इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने विभाग के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए इसे सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं शैक्षणिक गुणवत्ता का परिणाम बताया।
    विभागाध्यक्ष प्रो. विकास पारीक एवं संकायाध्यक्ष प्रो. रणजीत चौधरी ने इस अवसर पर विभाग के प्राध्यापकों में प्रो. अरविन्द कुमार शुक्ल, डॉ. शुभम कुमार, डॉ. विपिन कुमार एवं डॉ. सुनील कुमार सिंह को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस उत्कृष्ट सफलता से पूरे विश्वविद्यालय एवं विभाग में हर्ष का माहौल है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *