पटना। बिहार की राजधानी पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार को उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक कुल 34.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अब सभी उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।
422 मतदान केंद्रों पर हुई वोटिंग
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए थे। चुनाव मैदान में 25 उम्मीदवार हैं, जिनमें भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता प्रमुख हैं।
मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हालांकि विवेकानंद मार्ग स्थित विकास रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल के बूथ संख्या 19, 20 समेत चार मतदान केंद्रों पर भाजपा और जन सुराज के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर सामने आई।
दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई, लेकिन मतदाताओं में खास उत्साह नहीं दिखा और मतदान की रफ्तार धीमी रही।
ललन सिंह बोले- प्रशांत किशोर के लिए कोई गुंजाइश नहीं
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने मतदान के बाद कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है और लोगों को इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर पिछले चुनावों की तरह इस बार भी बड़े दावे कर रहे हैं, लेकिन उनके लिए कोई उम्मीद नहीं है।
भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि माहौल शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण रहा। उन्होंने दावा किया कि माताओं और बहनों समेत सभी वर्गों के लोगों का समर्थन उन्हें मिल रहा है।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी मतदान के बाद कहा कि पार्टी की जीत शानदार होगी। वहीं जन सुराज उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने पुलिस पर समर्थकों को परेशान करने का आरोप लगाया और भाजपा की हार का दावा किया।
3 अगस्त को आएगा चुनाव परिणाम
बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने मतदान के बाद कहा कि बांकीपुर में राजग का कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने अपनी विचारधारा को मजबूत करने की बात कही।
मतदान प्रतिशत की बात करें तो सुबह 9 बजे 4.61 प्रतिशत, 11 बजे 1.50 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे 20.01 प्रतिशत, 3 बजे 27.82 प्रतिशत और शाम 5 बजे 33.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।


