रांची में आज से राष्ट्रीय अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप, 438 खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार से 39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप-2026 का आगाज होगा। 6 से 12 जुलाई तक सरला बिरला विश्वविद्यालय, महिलौंग परिसर में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 438 बाल शतरंज खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

आठ साल बाद रांची को मिली मेजबानी

प्रतियोगिता का आयोजन ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन द्वारा रांची जिला चेस एसोसिएशन के सहयोग से तथा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (एआईसीएफ) के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता को विश्व शतरंज महासंघ (फिडे) की भी मान्यता प्राप्त है। करीब आठ वर्षों के बाद रांची को फिर से इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है।

प्रतियोगिता में कुल पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

प्रतिभागियों के लिए व्यापक तैयारियां

आयोजन स्थल सरला बिरला विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा और प्रतियोगिता हॉल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर के अनुरूप खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

भविष्य के चैंपियनों को मिलेगा मंच

आयोजकों का मानना है कि इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले कई खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। यह आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी रणनीति, एकाग्रता और बौद्धिक क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। साथ ही झारखंड में शतरंज जैसे बौद्धिक खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने में भी यह प्रतियोगिता अहम भूमिका निभाएगी।

आयोजन से झारखंड को मिलेगी नई पहचान

देशभर से आने वाले खिलाड़ी, कोच, अभिभावक और अधिकारी झारखंड की संस्कृति और आतिथ्य से भी परिचित होंगे। प्रतियोगिता को सीसीएल, एनटीपीसी और बीसीसीएल का सहयोग प्राप्त है।

ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी नवजोत अलंग ने कहा कि रांची के लिए यह गौरव का अवसर है। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाओं के साथ निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह चैंपियनशिप झारखंड के खेल इतिहास में नई पहचान स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *