जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.8 किलोग्राम गांजा के साथ मुख्य सप्लायर समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से गांजा से भरी 60 सिगरेट, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, दो मोबाइल फोन, 8,900 रुपये नकद, प्लास्टिक पैकेट और गांजे के बीज भी बरामद किए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
सूचना पर हुई छापेमारी
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने बताया कि 25 जुलाई की शाम सूचना मिली थी कि एमजीएम थाना क्षेत्र के सिपुलडांगा (देव) स्थित काली मंदिर के पास एक गुमटी में गांजा रखकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पाटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार और एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गुमटी से रौशन कुमार (21) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 130 ग्राम गांजा, गांजा से भरी 60 सिगरेट, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 3,060 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक पैकेट बरामद किए गए।
मुख्य सप्लायर के घर से 7.67 किलो गांजा बरामद
पूछताछ में रौशन कुमार ने खुलासा किया कि वह सप्ताह में दो से तीन बार बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव निवासी शंभू महतो से गांजा खरीदकर शहर के विभिन्न इलाकों में बेचता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शंभू महतो के घर छापेमारी की, जहां से 7.67 किलोग्राम गांजा, गांजे के बीज, 5,840 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और पैकिंग सामग्री बरामद हुई। दोनों जगहों से कुल 7.8 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रौशन कुमार (21) और शंभू महतो (62) के रूप में हुई है। रौशन कुमार पहले भी मादक पदार्थ से जुड़े एक मामले में जेल जा चुका है। दोनों के खिलाफ एमजीएम थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


