Homeझारखंडमुख्यमंत्री ने शहीद आरक्षियों के परिजनों को सौंपी 1.20-1.20 करोड़ की सम्मान...

मुख्यमंत्री ने शहीद आरक्षियों के परिजनों को सौंपी 1.20-1.20 करोड़ की सम्मान राशि, कहा – झारखंड रहेगा अपने वीरों का ऋणी

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को कांके रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पलामू जिला बल के शहीद आरक्षी सुनील कुमार राम और संतन कुमार मेहता के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों शहीद आरक्षियों के परिवारों को सम्मान राशि के रूप में स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत प्रत्येक को 1 करोड़ 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता का चेक सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सुनील कुमार राम और संतन कुमार मेहता ने राज्य की सुरक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। “झारखंड हमेशा अपने शहीदों का ऋणी रहेगा,” उन्होंने कहा। मुख्यमंत्री ने परिजनों से आत्मीयता के साथ बातचीत की, उनकी पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। मौके पर वित्त मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों की पीड़ा को गहराई से समझती है और उनके बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने परिजनों से आग्रह किया कि वे सम्मान राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा और उज्जवल भविष्य के निर्माण में करें। शहीदों के बच्चों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहीद जवानों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने के लिए रांची में एक आवासीय विद्यालय बनाया जाएगा, जो निजी विद्यालयों की तर्ज पर संचालित होगा। इसके लिए झारखंड जगुआर परिसर में चार एकड़ भूमि चिन्हित कर ली गई है। यह विद्यालय पुलिस विभाग द्वारा संचालित किया जाएगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार पुलिस विभाग के कर्मियों और उनके परिवारों के लिए एक विशेष अस्पताल स्थापित करने की योजना पर भी कार्य कर रही है, ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। परिजनों को सरकारी नौकरी और अन्य लाभ मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि दोनों शहीद आरक्षियों की पत्नियाँ स्नातक पास हैं, जिन्हें पुलिस विभाग में क्लर्क पद पर नियुक्त किया जाएगा। साथ ही, राज्य सरकार और एसबीआई के बीच हुए समझौते के तहत प्रदान की गई राशि के अतिरिक्त लगभग 2 करोड़ रुपये की कुल सहायता दोनों परिवारों को उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहीद परिवारों को पेंशन एवं अन्य सेवांत लाभ शीघ्र प्रदान किए जाएँ। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित सभी प्रक्रियाएँ पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर डीजीपी अनुराग गुप्ता, पलामू एसपी रिष्मा रमेशन, एसबीआई रांची अंचल के उप महाप्रबंधक मनोज कुमार, एजीएम रीना कुमारी, मुख्य प्रबंधक विकास कुमार पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments