जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शहीद निर्मल महतो के 39वें शहादत दिवस पर जमशेदपुर के उलियान स्थित उनकी समाधि स्थल पहुंचकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत्-शत् नमन किया और उनकी स्मृति में आयोजित जनसभा को भी संबोधित किया।
निर्मल महतो का संघर्ष और विचार हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की धरती वीरों की भूमि रही है और अमर शहीद निर्मल महतो जैसे महान आंदोलनकारियों का जीवन समाज के लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा। लंबे संघर्ष और अनगिनत आंदोलनकारियों के समर्पण के बाद झारखंड को अपनी अलग पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि शहीदों के विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य के आदिवासी, मूलवासी, किसान, गरीब और आम नागरिकों के हक-अधिकारों की रक्षा करना सरकार का प्राथमिक संकल्प है। शहीदों के त्याग और समर्पण के मार्ग पर चलते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत बनाना भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
राज्य की सबसे बड़ी ताकत है लोगों की एकजुटता
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की जनता की एकजुटता और परस्पर सहयोग ही इस राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों के अनुरूप मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध झारखंड के निर्माण के लिए सभी को मिलकर बिना डरे और बिना रुके आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग निर्मल महतो को श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं और उनका प्रसिद्ध नारा ‘जब तक सूरज-चांद रहेगा, निर्मल महतो का नाम रहेगा’ आज भी लोगों को प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड वीरों की धरती है। यहां एक वीर की कहानी दूसरे वीरों के संघर्ष से जुड़ती चली जाती है। उन्होंने हाल ही में दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि का भी उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड के महान आंदोलनकारियों का संघर्ष, त्याग और समर्पण राज्य की सामाजिक चेतना और पहचान का अभिन्न हिस्सा है।
शहीदों की प्रेरणा से आगे बढ़ेगा झारखंड
मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी अपने वीर शहीदों और मार्गदर्शकों को प्रेरणा बनाकर अपने जीवन और राज्य के विकास के सफर को मजबूती के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।
कार्यक्रम में विधायक सबिता महतो, विधायक समीर मोहंती, विधायक संजीव सरदार, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


