मुरी/सिल्ली। मुरी ओपी पुलिस ने इंडस टावर का पावर केबल चोरी करने के आरोप में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 जुलाई की रात जामटोला स्थित इंडस टावर से अज्ञात अपराधियों ने पावर केबल की चोरी कर ली थी। इस संबंध में इंडस टावर में कार्यरत तकनीशियन ने मुरी ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
मुरी पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सिल्ली मनीष चंद्रलाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साक्ष्यों के विश्लेषण तथा तकनीकी शाखा से प्राप्त मोबाइल नंबर और अन्य सूचनाओं के आधार पर छापेमारी कर कांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल चटर्जी (23), पिता मलय चटर्जी, अंकित कुमार (23), पिता जयंत प्रसाद गुप्ता, अभय कुमार पाल (35), पिता मुन्नीलाल तथा आदित्य साहू (19), पिता स्वर्गीय मन्टु शामिल हैं। सभी आरोपी बोकारो जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी किया गया पावर केबल बरामद किया है।
चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त
पुलिस ने इस घटना में उपयोग की गई काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या जेएच09बीएन/2652) भी बरामद कर जब्त कर ली है। थाना प्रभारी विकास कुमार पासवान ने बताया कि नेटवर्क कंपनियों के लिए टावरों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इस गिरोह का भंडाफोड़ होने से क्षेत्र में इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक सिल्ली मनीष चंद्रलाल, मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान, सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार, अवर निरीक्षक मणिभूषण पासवान, रामदेव कुमार यादव, दिवाकर कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मुन्ना कुमार सिंह, तकनीकी शाखा के बलेंद्र कुमार सिंह, हवलदार अजीत प्रसाद, गिरजानंद चौधरी, आरक्षी सुरेंद्र कुमार वर्मा, उपेंद्र सिंह मुंडा, विकास कुमार, मुकेश रजवाड़ समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


