HomeBreaking Newsझारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 के भव्य आगाज के लिए तैयार, मोरहाबादी मैदान...

झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 के भव्य आगाज के लिए तैयार, मोरहाबादी मैदान में सारी तैयारियां पूरी

रांची। झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और विरासत को समर्पित दो दिवसीय आदिवासी महोत्सव 2026 का शुभारंभ शनिवार से रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य रूप से होगा। महोत्सव के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग श्रीमती वंदना दादेल ने शुक्रवार को आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।

अपर मुख्य सचिव ने लिया तैयारियों का जायजा

निरीक्षण के दौरान श्रीमती दादेल ने महोत्सव स्थल पर चल रहे निर्माण कार्यों और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर मुख्य सचिव ने वीवीआईपी आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि महोत्सव में बड़ी संख्या में आने वाले आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

सभी विभागों को समय पर तैयारी पूरी करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य मंच, विभिन्न विभागों और संस्थाओं के स्टॉल, पार्किंग क्षेत्र सहित समस्त व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को आयोजन शुरू होने से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

श्रीमती दादेल ने कहा कि आदिवासी महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय और गंभीरता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, विशेष सचिव सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राजीव लोचन बक्शी, संयुक्त निदेशक आनंद, निदेशक टीआरआई आलोक एस. कच्छप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और एजेंसी प्रतिनिधि उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments