सदन में अपराध पर भड़के तेजस्वी, बोले- थाना खामोश है, प्रशासन बेहोश है

पटना। बिहार विधानमंडल में बजट सत्र के तीसरे दिन गुरुवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर जोरदार प्रहार किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि आप लोगों ने लोकतंत्र को डर तंत्र बना दिया है। राज्य में अपराध बढ़ गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अभी आपका (राजग) समय है, हमलोगों (महागठबंधन) का भी दौर आएगा।

नेता प्रतिपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में कानून का राज है। न्याय के साथ विकास हो रहा है लेकिन हकीकात बिहार की जनता को पता है। बिहार की राजग सरकार शिक्षक बहाली की बात करती है लेकिन बताना चाहिए कि जब बहाली हुई तो किसकी सरकार थी? 10 लाख नौकरी देने का वादा किसका था? चाहे मानदेय बढ़ाने का काम हो या अन्य कार्य, सब कुछ हम लोगों की महागठबंधन वाली सरकार में ही हुआ।

उन्होंने कहा कि जब हम लोग 10 लाख नौकरी की बात करते थे तो मुख्यमंत्री कहते थे, ‘कहां से पैसा लाओगे, बाप के यहां से लाओगे?’

तेजस्वी यादव ने कहा कि पटना में नीट की तैयारी करने वाली जहानाबाद की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। उन्होंने कैमूर, मुजफ्फरपुर, सोनपुर, गोपालगंज, मधेपुरा, मोतिहारी, छपरा, दरभंगा पूर्णिया, बेगूसराय, पश्चिम चंपारण, वैशाली, सीतामढ़ी में दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं का भी जिक्र किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि जो लोग इसे ‘जंगल राज’ नहीं कहना चाहते हैं। जंगल राज मानने वाले जानवर यह सुनकर नाराज हो जाएंगे।

तेजस्वी ने कहा कि सात निश्चय की योजना हम लोग की सरकार के समय से शुरू हुआ था। हम तो मन ही मन मुस्कुरा रहे थे कि हम ही लोगों के कामों पर सत्ता पक्ष के लोग ताली बजा रहे हैं।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के उस बयान की भी चर्चा की, जिसमें भाजपा नेता ने कहा था कि बिहार में 20-25 हजार में लड़कियां मिल जाती हैं। हालांकि तेजस्वी के इस बयान पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *