फगुआ से पहले अवैध विदेशी शराब पर पुलिस का पहरा, फैक्ट्री का भंडाफोड़; 80 पेटी शराब बरामद

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिला में आगामी होली पर्व के मद्देनजर गैरकानूनी तरीके से शराब की बिक्री और जमाखोरी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार 2 मार्च को एमजीएम थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब निर्माण केंद्र का उद्भेदन किया।

छापेमारी टीम ने अवध डेंटल कॉलेज से सटे ऊंची चहारदीवारी वाले राजेश कुमार शर्मा के मकान परिसर में संचालित अवैध विदेशी शराब विनिर्माण इकाई का खुलासा किया।

परिसर के भीतर विदेशी शराब तैयार करने और उसे बोतलबंद करने की पूरी व्यवस्था पाई गई। मौके से स्पिरिट, तैयार रंगीन तरल शराब, विभिन्न ब्रांडों की बड़ी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन, कॉर्क, बोतलों पर चिपकाए जाने वाले विभिन्न ब्रांडों के लेबल, नकली उत्पाद आसंजक, शराब में रंग व फ्लेवर मिलाने में प्रयुक्त कैरामेल तथा प्लास्टिक के ड्रमों में भरी तैयार रंगीन विदेशी शराब बरामद की गई।

इसके अलावा करीब 80 पेटियों में बोतलबंद शराब भी जब्त की गई है, जिन पर अलग-अलग ब्रांड के लेबल लगे हुए थे। बरामद विदेशी शराब की कुल मात्रा का आंकलन किया जा रहा है।

उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से होली के पूर्व अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पर्व-त्योहार के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *