एसएसबी ने 2.36 लाख नेपाली मुद्रा और शराब के साथ तीन व्यक्ति को किया गिरफ्तार

सुपौल। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बीरपुर द्वारा सीमा क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नेपाली मुद्रा और नेपाली शराब के साथ तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

इस संबंध में 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए एसएसबी लगातार सघन निगरानी और कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 11 मार्च को विभिन्न सीमा चौकियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए नेपाली मुद्रा और शराब की जब्ती की गई।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सीमा चौकी सतना के जिम्मेदारी क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 203/3 के पास नेपाली मुद्रा की संभावित तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। करीब 11:30 बजे नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में उसने अपना नाम अरविंद कुमार दहिया, निवासी ग्राम हरिपुर, जिला सुनसरी (नेपाल) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2,36,210 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद हुई। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर मुद्रा को जब्त कर कस्टम कार्यालय भीमनगर को सुपुर्द कर दिया गया।

इसी क्रम में सीमा चौकी बैनालीपट्टी की टीम ने विशेष पेट्रोलिंग के दौरान नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को संदेह के आधार पर रोका। पूछताछ में उनकी पहचान अजीत कुमार दास, निवासी लालगंज (पूर्णिया) और राजू कुमार, निवासी बैनालीपट्टी (सुपौल) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके बैग से दिलवाले ब्रांड की 60 बोतल नेपाली शराब (करीब 18 लीटर) बरामद की गई।

एसएसबी ने बरामद शराब, मोटरसाइकिल और दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए थाना बीरपुर को सुपुर्द कर दिया है।

कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार यादव, सहायक उप निरीक्षक नंदलाल सहित अन्य एसएसबी जवान शामिल थे। एसएसबी ने कहा कि सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *