जुगसलाई नगर परिषद के सभी नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों को हिदायतुल्लाह खान ने दी बधाई

रांची/जमशेदपुर: झारखण्ड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने आज एक बयान जारी कर जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र से जीतकर आए सभी नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने-अपने वार्ड के विकास और जनता की भलाई के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे।
अपने बयान में हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि जुगसलाई नगर परिषद के सभी वार्ड सदस्यों को जनता ने अपने विश्वास और उम्मीदों के साथ चुना है। ऐसे में उनकी यह जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को गंभीरता से समझें और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करते रहें।
हिदायतुल्लाह खान ने आगे कहा कि विभिन्न सूत्रों और मीडिया में चल रही खबरों के माध्यम से यह जानकारी मिल रही है कि जुगसलाई नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कुछ वार्ड सदस्यों को पैसों का प्रलोभन दिया जा रहा है और तथाकथित “हॉर्स ट्रेडिंग” की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने इस प्रकार की गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी वार्ड सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव में आए बिना पूरी स्वतंत्रता और निष्पक्षता के साथ अपने मताधिकार का उपयोग करें। साथ ही उन्होंने यह भी आग्रह किया कि उपाध्यक्ष पद के लिए ऐसे व्यक्ति का चुनाव किया जाए जो जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास, पारदर्शिता और जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने की क्षमता और संकल्प रखता हो।
अंत में हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि जुगसलाई की तरक्की, शांति और भाईचारे को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी जनप्रतिनिधि ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तो जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र निश्चित रूप से विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *