गोला। रामगढ़ के चित्तरंजन सेवा सदन परिसर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के वार्षिकोत्सव के अवसर पर मंगलवार से सात दिवसीय श्री श्री 1008 श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। भैरवी नदी से मंदिर तक निकाली गई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान के जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक उत्साह से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
भजन-कीर्तन और कथा से गूंजा मंदिर परिसर
श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए। भक्ति वेदांता गुरुकुल, कुटाम (रांची) के विद्यार्थियों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मंदिर पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
संध्याकाल में वृंदावन धाम से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य कुमार शास्त्री ने श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ किया। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं और सनातन धर्म के आदर्शों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। इस दौरान भगवान की आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
14 जुलाई को होगा विशाल भंडारा
आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से शाम सात बजे तक 13 जुलाई तक चलेगी। इसके बाद 14 जुलाई को भगवान श्री सत्यनारायण पूजा, यज्ञ की पूर्णाहुति, प्रसाद वितरण तथा दोपहर दो बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजकों ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार, सनातन संस्कृति का संरक्षण तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है।
कार्यक्रम की मुख्य आयोजक वंदना अंबष्ट एवं चित्तरंजन सेवा सदन परिवार तथा मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों से कथा श्रवण एवं धार्मिक अनुष्ठानों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। कलश यात्रा में कुँवर कुमार बक्शी, मधु बक्शी, सुजाता बक्शी, प्रदीप चंद्र लाला, जनार्दन पाठक, सुशील बुधिया, मनोज मिश्र, मनोज पोद्दार, रमेश प्रसाद, रेखा सिन्हा, बेबी अग्रवाल, मनीष कुमार, सदानंद प्रमाणिक, टोपन महतो, रजनीश आनंद, नवीन कुमार, अभिमन्यु अग्रवाल, संतोष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
