रिपोर्ट: कुमार अजय
धनबाद । झरिया एकेडमी, झरिया में नशा मुक्ति अभियान के तहत आरएसपी कॉलेज, झरिया के बीएड प्रशिक्षुओं एवं विद्यालय के शिक्षकों के संयुक्त तत्वावधान में नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद तथा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में विद्यालय की कक्षा 9 एवं 10 की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, वहीं वाद-विवाद एवं क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झरिया एकेडमी के प्रधानाचार्य सरफराज इकबाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के एडीओ अरविंद ओझा उपस्थित रहे। वहीं पर्यवेक्षक एवं आरएसपी कॉलेज, झरिया के सहायक अध्यापक डॉ. श्याम किशोर प्रसाद भी मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने, शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिताओं के समापन पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आरएसपी कॉलेज, झरिया के बीएड प्रशिक्षुओं मुस्कान कुमारी, राजदीप, नंदलाल, छोटी मंडल, आदित्य, पवन शर्मा, अपूर्व पांडे, सुशील कुमार एवं सौरव सहित अन्य प्रशिक्षुओं की सक्रिय भूमिका रही। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, बीएड प्रशिक्षुओं, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
