पटना :बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार ने शनिवार को सभा परिसर एवं विधायकों के आवास की सुरक्षा व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए वरीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस बैठक में अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार ने जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया कि बिहार विधान सभा के मुख्य द्वार से प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों की आईडी जांच के बाद ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाए। बिना आईडी किसी भी व्यक्ति को प्रवेश प्रधान मार्शल की अनुमति के बिना नहीं दी जाय।उन्होंने इसके अतिरिक्त विधान मंडल परिसर एवं अन्य प्रवेश द्वारों पर अधिष्ठापित सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कर सख्ती से निगरानी करने को कहा।
डॉ.कुमार ने बिहार विधान मंडल की सुरक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सादे लिबास में भी सुरक्षा अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया । सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समय समय पर में मॉक ड्रिल कराने का निर्देश देते हुए उन्होंने वरीय पदाधिकारियों को स्वयं आकर परिसर की सुरक्षा संबंधी व्यवस्था का जायजा लेते रहने को कहा।
