नेशनल लोक अदालत में 3.34 लाख मामलों का निपटारा

धनबाद। धनबाद में आयोजित नेशनल लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों का निपटारा करते हुए लोगों को त्वरित न्याय प्रदान किया गया। नालसा के निर्देश पर वर्ष 2026 की पहली नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें कुल तीन लाख 34 हजार 710 विवादों का निपटारा किया गया। साथ ही एक अरब 61 करोड़ 34 लाख 71 हजार रुपये की रिकवरी भी की गई।

कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटना में अपने माता-पिता को खोने वाले प्रभु साव को एक करोड़ 38 लाख रुपये का चेक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के चेयरमैन निकेश कुमार सिन्हा ने प्रदान किया। चेक मिलने के बाद प्रभु साव भावुक हो गए और उन्होंने कहा कि डालसा ने उन्हें नया जीवन देने का काम किया है। वहीं एक अन्य मामले में दुर्घटना में अपने पति को खोने वाली महिला को भी 82 लाख रुपये का मुआवजा चेक के रूप में दिया गया।

नेशनल लोक अदालत का उद्घाटन शनिवार को जमशेदपुर से ऑनलाइन न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने किया। धनबाद में आयोजित कार्यक्रम में न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि नेशनल लोक अदालत संविधान की उस परिकल्पना को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें सभी लोगों को सामाजिक, आर्थिक और सुलभ न्याय देने की गारंटी दी गई है। उन्होंने कहा कि हर तीन महीने में लोक अदालत का आयोजन किया जाता है ताकि आम लोगों को आसानी से न्याय मिल सके।

अवर न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि विवादों के निपटारे के लिए 13 बेंच का गठन किया गया था। इन बेंचों ने लोक अदालत के शुरुआती दो घंटों में ही बड़ी संख्या में मामलों का निपटारा कर दिया। उन्होंने बताया कि इनमें दो लाख 54 हजार 975 प्री-लिटिगेशन मामले शामिल थे और कुल एक अरब 36 करोड़ 43 लाख 70 हजार 931 रुपये की रिकवरी की गई।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य भी किए गए। दो दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल, दिव्यांग प्रमाण पत्र और स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ दिया गया। वहीं चार अनाथ बच्चों को पढ़ाई के लिए चार हजार रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया, जबकि 40 बच्चों को श्रम विभाग की स्कॉलरशिप योजना से जोड़ा गया। अंत में सभी न्यायिक पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और अधिवक्ताओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *