मोदी करेंगे वही जो अमेरिका इजरायल उनसे कहेगा : राहुल

नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए उन्हें फिर ‘समझौतावादी’ प्रधानमंत्री बताया और कहा कि श्री मोदी वही करेंगे जो अमेरिका और इजरायल चाहेंगे।

श्री गांधी ने संसद परिसर में मंगलवार को पत्रकारों के सवालों के जवाब में श्री मोदी पर तीखे आरोप लगाए और कहा कि प्रधानमंत्री सब बिल्कुल भी स्वतंत्र फैसले लेने की स्थिति में नहीं हैं। उनके सारे निर्णय बाहरी दबावों से प्रभावित होते हैं।

श्री गांधी ने कहा, “देश की विदेश नीति अब प्रधानमंत्री की ‘निजी विदेश नीति’ बन गई है और इसका नतीजा यह है कि दुनिया में भारत की छवि का ‘मजाक’ बन गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अच्छी तरह जानते हैं कि श्री मोदी क्या कर सकते हैं और क्या नहीं कर सकते।”

उन्होंने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री ही समझौतावादी हैं तो स्वाभाविक रूप से उनकी विदेश नीति भी समझौतावादी ही होंगी और इसका नुकसान देश को उठाना पड़ेगा। उनका कहना था कि इसकी शुरुआत हो चुकी है और एलपीजी, पेट्रोल तथा उर्वरक जैसी चीजों में समस्याएं आएंगी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि इस मुद्दे पर सरकार ने बैठक बुलाई है लेकिन सरकार ऐसी गलतियां कर चुकी हैं जिन्हें ठीक करने में समय लगेगा और प्रधानमंत्री इसे ठीक नहीं कर सकते। श्री मोदी वही करेंगे जो अमेरिका और इजराइल चाहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *