झारखंड शिक्षा सेवा में बड़ा फेरबदल, कई जिला शिक्षा पदाधिकारियों और अधिकारियों का तबादला

रांची। झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य के शिक्षा प्रशासन में व्यापक फेरबदल करते हुए झारखंड शिक्षा सेवा (जेईएस) के कई वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई पदस्थापनाओं की अधिसूचना जारी की है। यह आदेश 29 जून 2026 को जारी किया गया है।

कई जिलों के शिक्षा अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रशासी पदाधिकारी झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के पद पर कार्यरत सच्चिदानन्द द्विवेन्दु तिग्गा को सचिव, झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची बनाया गया है। वहीं पूर्वी सिंहभूम के जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची में प्रशासी पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित किया गया है।

आशिष कुमार पाण्डेय को प्राथमिक शिक्षा निदेशालय में उप निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मो. वसीम अहमद को रांची का जिला शिक्षा पदाधिकारी बनाया गया है। निशु कुमारी को पूर्वी सिंहभूम का जिला शिक्षा पदाधिकारी बनाया गया है तथा उन्हें क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक, कोल्हान प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

अतिरिक्त प्रभार के साथ कई नई नियुक्तियां

अधिसूचना के तहत दीप्ति कुमारी, प्रिंस कुमार, कैलाश मिश्रा समेत कई अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया है। कई अधिकारियों को जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, डायट प्राचार्य तथा क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक के अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं।

सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक पुनर्संरचना शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से की गई है। सभी स्थानांतरण एवं पदस्थापनाएं अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी।

Notification JES 29_06_2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *