Homeझारखंडजमशेदपुरशहीदों के सपनों का झारखंड बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मंत्री...

शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मंत्री दीपक बिरुवा

पश्चिमी सिंहभूम। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। चाईबासा के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में मंत्री दीपक बिरुवा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद खुली जिप्सी में सवार होकर उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। सुरक्षा बलों और एनसीसी के जवानों ने मार्चपास्ट कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर विकास का संकल्प

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुवा ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनगिनत वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उनके संघर्ष से प्रेरणा लेकर सरकार राज्य के विकास और आम लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जिला प्रशासन के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। मंत्री ने लोगों से कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की और अधिकारियों को पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया।

शहीद स्मारक पर अर्पित किए पुष्प

मुख्य समारोह से पहले मंत्री दीपक बिरुवा ने पुलिस लाइन परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद ध्वजारोहण और परेड निरीक्षण हुआ।

समारोह में आयुक्त, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न सुरक्षा बलों और एनसीसी दलों ने परेड में हिस्सा लिया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया। जिले के सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में भी ध्वजारोहण हुआ। शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूरे जिले में उत्साह और देशभक्ति के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments