लातेहार। जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। हादसा चंदवा-चापी-लोहरदगा मार्ग पर डेढ़टंगवा घाटी के पास हुआ। एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी और इसके बाद अनियंत्रित होकर ऑटो को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह कंटेनर के नीचे दब गया।
बाइक और ऑटो सवारों की मौत
हादसे में बाइक पर सवार एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं, ऑटो में सवार एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई। हादसे में कई अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, लातेहार सदर थाना क्षेत्र के सासंग गांव के लोग ऑटो से लोहरदगा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डेढ़टंगवा घाटी के पास सामने से आ रहे कंटेनर ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर ऑटो से जा भिड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कंटेनर के नीचे दब गया।
पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लातेहार के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। घायलों को अस्पताल भेजने की कार्रवाई की गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



