Homeझारखंडलातेहार में दो बाइकों की भिड़ंत, दो युवकों की मौत, तीन गंभीर...

लातेहार में दो बाइकों की भिड़ंत, दो युवकों की मौत, तीन गंभीर घायल

लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गणेशपुर हाई स्कूल के पास हुआ।

दो की मौत, तीन रिम्स रेफर

पुलिस के अनुसार, हादसे में हजारीबाग निवासी महावीर गंझू (32) और चतरा निवासी पंकज उरांव (24) की मौत हो गई। वहीं सविता देवी, फूलमती देवी और संजय उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।

ससुराल जाते समय हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, महावीर गंझू अपनी पत्नी के साथ बालूमाथ थाना क्षेत्र के गोलीटांड़ स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान गणेशपुर की ओर से बालूमाथ आ रही दूसरी मोटरसाइकिल, जिस पर संजय उरांव समेत तीन लोग सवार थे, सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments