रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने 27 और 28 जुलाई को कई इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 29 जुलाई तक गर्जन, वज्रपात और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सिमडेगा में सबसे अधिक बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 120.8 मिलीमीटर बारिश सिमडेगा जिले में हुई। इसके अलावा कोलेबिरा में 59.4 मिमी, मसानजोर में 43.2 मिमी, घाटशिला में 32.6 मिमी, रांची में 26.3 मिमी, खूंटी के रनिया में 22.8 मिमी और हजारीबाग में 21.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि 29 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
रांची में बढ़ी उमस, तापमान 28 डिग्री दर्ज
शनिवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। बारिश नहीं होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। राजधानी में अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 33.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 31 डिग्री, डाल्टनगंज में 31.6 डिग्री, बोकारो में 31.1 डिग्री और चाईबासा में 28.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।


