Homeझारखंडरांचीदेश की आजादी में झारखंड के वीर सपूतों का भी बड़ा योगदान...

देश की आजादी में झारखंड के वीर सपूतों का भी बड़ा योगदान : रबींद्र नाथ महतो

रांची। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड विधानसभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने झंडोत्तोलन किया और परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि इतिहास को याद करने, वर्तमान का मूल्यांकन करने और देश के भविष्य के प्रति अपने दायित्व को दोहराने का दिन है।

झारखंड के वीरों के योगदान को किया याद

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की आजादी किसी एक व्यक्ति, संस्था या क्षेत्र के संघर्ष का परिणाम नहीं थी। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को जनशक्ति में बदला, जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक और लोकतांत्रिक भारत की नींव मजबूत करने में भूमिका निभाई, जबकि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अदम्य साहस और समर्पण का उदाहरण पेश किया।

उन्होंने झारखंड के वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि बाबा तिलका मांझी ने 1784 में अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ प्रतिरोध का बिगुल बजाया। सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो ने 1855 के संथाल हूल का नेतृत्व किया। धरती आबा बिरसा मुंडा ने औपनिवेशिक सत्ता को चुनौती देने के साथ समाज के अधिकार, आत्मसम्मान और अस्तित्व की आवाज को मजबूत किया।

लोकतंत्र में विधानसभा की भूमिका महत्वपूर्ण

महतो ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश को राजनीतिक स्वतंत्रता मिली, लेकिन इसके साथ राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी भी आई। 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ और भारत ने स्वयं को संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव और मतदान तक सीमित नहीं है। संविधान की सर्वोच्चता, संस्थाओं की गरिमा, कानून का शासन, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, असहमति का सम्मान और जनता के प्रति जवाबदेही भी लोकतंत्र का हिस्सा हैं। विधानसभा जनता की आकांक्षाओं और समस्याओं का संवैधानिक मंच है। राजनीतिक विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रति प्रतिबद्धता साझा होनी चाहिए।

पश्चिमी सिंहभूम में मंत्री दीपक बिरुवा ने किया ध्वजारोहण

पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित पुलिस केंद्र में मंत्री दीपक बिरुवा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इससे पहले उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

मंत्री ने कहा कि देश को स्वतंत्रता अनगिनत बलिदानों के बाद मिली है और अब राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिले में आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में चल रहे कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि अबुआ आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराया जा रहा है। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत किसानों को फल उत्पादन के माध्यम से आय बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। स्वयं सहायता समूहों और फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments