रांची। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय कार्य के लिए पदक देकर सम्मानित किया। समारोह में पुलिस बल की भव्य परेड भी आयोजित की गई।
वरीय पुलिस अधिकारियों को मिला सम्मान
उत्कृष्ट सेवा के लिए भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों को पदक प्रदान किए गए। इनमें पुलिस महानिरीक्षक डॉ. माइकल राज एस और पुलिस उपमहानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल रहे। इनके अलावा पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार राय, विशेष शाखा के पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार, पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार और पुलिस निरीक्षक असित कुमार मोदी को भी सम्मानित किया गया।
जवानों को भी सेवा पदक
अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को भी उल्लेखनीय कार्य के लिए विभिन्न श्रेणियों में पदक दिए गए। एसटीएफ रांची के सहायक उप निरीक्षक अरविंद कुमार पाले और संजीव कुमार झा, रांची के दीपक तथा अपराध अनुसंधान विभाग के महेंद्र महतो को सम्मानित किया गया।
एसटीएफ के चालक हवलदार मोहम्मद इकबाल, विराय मुंड्री और हवलदार विजय थापा को भी पदक प्रदान किए गए। महिला आरक्षी प्रभा देवी, महिला हवलदार रंजीता पुजू और गढ़वा के आरक्षी विदेशी माजी को भी सेवा पदक मिला।
ओडिशा पुलिस की प्लाटून ने भी लिया हिस्सा
समारोह में पुलिस बल की भव्य परेड हुई। इसका नेतृत्व 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने किया। ओडिशा पुलिस की मेहमान प्लाटून ने भी परेड में हिस्सा लिया। इसका नेतृत्व निरीक्षक दीपक बाबरी ने किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन और सहभागिता के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।



