मोतिहारी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोतिहारी में जिला प्रशासन पूर्वी चंपारण और मीडिया एकादश के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार की कप्तानी वाली जिला प्रशासन की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मीडिया एकादश को 37 रन से पराजित किया। मैच के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिला प्रशासन की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 162 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान डॉ. प्रदीप कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरी ने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। एसबीआई के सहायक प्रबंधक इशांत कुमार ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 78 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने गेंदबाजी में भी योगदान देते हुए एक विकेट हासिल किया। हिमांशु कुमार ने 45 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।
163 रन के लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी मीडिया एकादश की टीम ने जीत के लिए प्रयास किया, लेकिन निर्धारित 12 ओवर में चार विकेट खोकर 125 रन ही बना सकी। इस तरह जिला प्रशासन की टीम ने 37 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
गेंदबाजी में जिला प्रशासन की ओर से रिंकू कुमार ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन ओवर में तीन विकेट हासिल कर मीडिया एकादश के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया। मैच की स्कोरिंग पवन कुमार और दीपांशु कुमार ने की।
मैच समाप्त होने के बाद आयोजित पुरस्कार समारोह में एडीएम पीजीआरओ शैलेंद्र कुमार भारती ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए इशांत कुमार को मैन ऑफ द मैच और बेस्ट बैट्समैन चुना गया। वहीं हिमांशु कुमार को उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए इमर्जिंग प्लेयर का पुरस्कार प्रदान किया गया।
मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच के आयोजन से जिला प्रशासन और मीडिया के बीच आपसी समन्वय, संवाद और सौहार्द की भावना और मजबूत हुई। आयोजन में खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल रहा तथा सभी ने खेल भावना के साथ मुकाबले का आनंद लिया।



