रिपोट : शेख अशरफ अली
सिल्ली। सिल्ली प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। प्रखंड मुख्यालय से लेकर विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, राजनीतिक दलों के कार्यालयों और पंचायत भवनों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों ने तिरंगे को सलामी देकर स्वतंत्रता सेनानियों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को याद किया। पूरे दिन क्षेत्र देशभक्ति गीतों और नारों से गूंजता रहा।
सिल्ली प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड प्रमुख जितेंद्र बड़ाईक ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अंचलाधिकारी अरुणिमा एक्का, उप प्रमुख आरती देवी समेत प्रखंड के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
सिल्ली झामुमो कार्यालय में विधायक अमित कुमार महतो ने तिरंगा फहराया। वहीं मुरी टुंगरी स्थित आजसू कार्यालय में झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने ध्वजारोहण किया। दोनों स्थानों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विभिन्न संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में रांची जिला परिषद उपाध्यक्ष बीणा चौधरी, सिल्ली थाना में थाना प्रभारी नवीन कुमार, मुरी ओपी में प्रभारी विकास कुमार पासवान, राजकीय रेल थाना में प्रभारी संतोष कुमार सिंह और रेलवे सुरक्षा बल थाना में पोस्ट कमांडर संजीव कुमार ने ध्वजारोहण किया।
संत माइकल प्लस टू विद्यालय, मुरी में विद्यालय के निदेशक राकेश कुमार ने तिरंगा फहराया। आदर्श उच्च विद्यालय में समाजसेवी श्याम सुंदर महतो तथा एसएस प्लस टू विद्यालय में प्राचार्य पवन कुमार पांडे ने ध्वजारोहण किया। इसके अलावा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में संबंधित मुखियाओं ने पंचायत भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता के महत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। तिरंगे के रंग में सजे क्षेत्र में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा और जगह-जगह भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंजता रहा।



