रांची में फिर सक्रिय हुआ प्रिंस खान गिरोह, कारोबारी से 20 लाख रुपये की मांगी रंगदारी

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन इसके बावजूद अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं। ताजा मामला रांची के कांके थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक कारोबारी के परिवार को प्रिंस खान के नाम पर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है।

पुलिस के अनुसार, कांके इलाके में रहने वाले मनोज कुमार के बेटे हर्षित भदानी के मोबाइल पर 22 मार्च को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को दुबई से बोल रहा प्रिंस खान बताया और 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।

मैसेज में साफ तौर पर धमकी दी गई कि अगर एक घंटे के भीतर “हां या ना” में जवाब नहीं दिया गया, तो रांची के एक रेस्टोरेंट में हुई हत्या जैसी घटना को दोहराया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि पैसे नहीं देने पर अपनी सुरक्षा खुद करने के लिए तैयार रहें।

इस घटना के बाद मनोज कुमार ने कांके थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस केस का जांच अधिकारी (आईओ) सब-इंस्पेक्टर रवि शंकर सिंह को बनाया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच की जा रही है और मैसेज भेजने वाले नंबर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, इस धमकी के बाद से मनोज कुमार का पूरा परिवार दहशत में है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी धमकी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *