झामुमो ने निर्वाचन आयोग से असम में वाहनों के लिए किया पास जारी करने का आग्रह

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आगामी असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर मुख्य निर्वाचन आयोग को बुधवार को पत्र लिखकर पार्टी के स्टार प्रचारकों के लिए अनुमति और प्रचार वाहनों के लिए पास जारी करने का आग्रह किया है।

झामुमो ने निर्वाचन आयोग से अनुरोध किया है कि सभी स्टार प्रचारकों के लिए वाहनों के लिए पास जल्द जारी किया जाए, ताकि सड़क, रेल और हवाई मार्ग से पूरे असम में सुचारु प्रचार सुनिश्चित किया जा सके।

पार्टी ने असम राज्य की सीमा के भीतर प्रचार कार्य में उपयोग होने वाले वाहनों के निर्बाध संचालन की अनुमति देने की मांग की है। इस संबंध में झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष हेमंत सोरेन असम में चुनाव प्रचार अभियान का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ केंद्रीय नेतृत्व के कई प्रमुख नेता भी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करेंगे। उन्होंने बताया कि स्टार प्रचारकों की सूची में डॉ सरफराज अहमद, विनोद कुमार पांडे, सुप्रियो भट्टाचार्य, जोबा माजी, अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू, पंकज मिश्रा, सुदिव्य कुमार, दीपक बिरूवा, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद, विजय हांसदा, कल्पना मुर्मू सोरेन, डॉ महुआ माजी, हफीजुल हसन अंसारी, भूषण तिर्की, विकास मुंडा, एमटी राजा, आलोक सोरेन और लुईस मरांडी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *