बच्ची की हत्या मामले में 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो 30 मार्च को हजारीबाग बंद : आदित्य साहू

रांची। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने हजारीबाग जिले के बरही प्रखंड के कुसुम्बा गांव में हुई एक बच्ची की हत्या की घटना को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला है।

रांची स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान साहू ने कहा कि रामनवमी और चैत्र नवरात्रि जैसे पर्वों के बीच इस तरह की जघन्य घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में बेहद क्रूर तरीके से उसकी हत्या कर दी गई, जो अत्यंत अमानवीय और निंदनीय है।

आदित्य साहू ने पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के बजाय अन्य कार्यों में उलझी हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचे।

भाजपा ने इस मामले में सरकार के समक्ष कई मांगें रखी हैं, जिनमें आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा दिलाने, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा, पीड़िता के पिता को सरकारी नौकरी तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग शामिल है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 29 मार्च को हजारीबाग जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके अलावा 30 मार्च को पूरे जिले में बंद का आह्वान किया जाएगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को पूरे झारखंड में विस्तारित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना पर उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *