हजारीबाग। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और फिर उसकी निर्मम हत्या की हृदयविदारक घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया है।
इस वीभत्स और अमानवीय कृत्य के विरोध में तथा दोषियों पर अविलंब कठोरतम कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू की घोषणा के अनुरूप सोमवार को हजारीबाग जिला पूर्णतः बंद रहेगा । इस गंभीर विषय पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने गहरी संवेदना और आक्रोश व्यक्त करते हुए हजारीबाग जिला वासियों से इस बंदी को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया है।
सांसद मनीष जायसवाल ने रविवार काे कहा कि हमारी मासूम बेटी के साथ जो हुआ वह मानवता पर कलंक है और प्रशासन को नींद से जगाने के लिए हम सबको एकजुट होना होगा। उन्होंने जिले के तमाम व्यवसायियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपने-अपने प्रतिष्ठान स्वतः बंद रखकर इस विरोध प्रदर्शन में सहभागी बनने का विनम्र आग्रह किया है।
हजारीबाग के भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने भी इस बंदी के समर्थन में जनता से आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महज बंदी का आह्वान नहीं, बल्कि उस अबोध बालिका को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हजारीबाग की सामूहिक आवाज है। भाजपा ने विश्वास जताया है कि हजारीबाग की जनता अपनी संवेदना प्रकट करते हुए इस बंदी को पूर्णतः सफल बनाएगी ताकि सोई हुई सरकार और प्रशासन पर दबाव बनाया जा सके।
