पुरुलिया–आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस अब चलेगी नियमित

रांची / पलामू। उद्घाटन के बाद ठप पड़ी पुरुलिया–आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को लेकर यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब इस ट्रेन का नियमित संचालन तय कर दिया गया है और रेलवे ने इसकी समय सारणी भी जारी कर दी है।

लंबे इंतजार के बाद क्षेत्रवासियों को दिल्ली, लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी के लिए सीधी रेल सुविधा मिलने जा रही है।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 14022/14021 पुरुलिया–आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन नियमित रूप से किया जाएगा। यह ट्रेन 2 अप्रैल से आनंद विहार टर्मिनल से प्रत्येक गुरुवार को चलेगी, जबकि पुरुलिया से 3 अप्रैल से प्रत्येक शुक्रवार को रवाना होगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह एक नियमित ट्रेन होगी, जिससे यात्रियों को स्थायी सुविधा मिलेगी।

यह ट्रेन आनंद विहार और पुरुलिया के बीच सासाराम, डेहरी ऑन सोन, गढ़वा रोड, डालटनगंज और रांची के रास्ते संचालित होगी। इस रूट पर चलने से पलामू सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को राजधानी दिल्ली तक सीधी और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि ट्रेन के उद्घाटन के बाद परिचालन रुक जाने से यात्रियों में निराशा थी और लोग लगातार रेलवे ऐप पर इसकी स्थिति देख रहे थे। अब नियमित संचालन की घोषणा से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *